देवरिया जनपद में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही गरिमामय और भव्य तरीके से मनाई गई। समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले के विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मेहरौना (बरियापुर) में आयोजित कार्यक्रम में रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास नाथनगर और रघवापुर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। सभासद अरुण कुमार गौतम ने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
वहीं, वृद्धाश्रम मेहड़ा पूर्वी में भी कार्यक्रम आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों के साथ विचार गोष्ठी की गई। समाजसेवी मनोज मैथिल और रेनू सिंहा ने इस अवसर पर अपने विचार साझा किए।
राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के तहत भाषण, कविता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके साथ ही “युवा संवाद संगम” कार्यक्रम के तहत निबंध लेखन, वाद-विवाद और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
