देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपनी मासूम बच्ची को गोद में लेकर कई घंटों तक थाने में बैठी रही और अपने पति के साथ रहने की गुहार लगाती रही। पीड़िता रम्भा देवी ने अपने पति अभय जायसवाल सहित ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले के अनुसार, रम्भा देवी ने 13 अप्रैल 2026 को मिशन शक्ति केंद्र, थाना गौरीबाजार में तहरीर देकर बताया कि उसके पति, सास, ससुर और देवर द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उसे और उसकी बच्ची को घर में रहने नहीं दिया जा रहा था और अपशब्द कहकर धमकाया जा रहा था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर दबाव बनाकर जबरन तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए हैं।
बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्ष पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन अब रिश्तों में दरार आ गई है। पीड़िता की शिकायत पर मिशन शक्ति टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला की काउंसलिंग की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गौरीबाजार में मुकदमा संख्या 153/2026 के तहत धारा 85, 352 और 351(2) बीएनएस में केस दर्ज कर लिया है। 14 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी अभय जायसवाल और अभिषेक जायसवाल को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
