देवरिया। जनपद न्यायालय देवरिया में शनिवार, 8 मार्च 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया श्री देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में किया गया। शुभारंभ के अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश, माननीय प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री बद्री विशाल पाण्डेय और अन्य सम्मानित न्यायाधीशगणों ने फीता काटकर, मां सरस्वती की प्रतिमा का माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का उद्घाटन किया।

लोक अदालत में कुल 1,74,325 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें विभिन्न मामलों में कुल 17,48,23,707 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।

माननीय जनपद न्यायाधीश श्री देवेन्द्र सिंह ने एक वाद का निस्तारण कर 500 रुपये की धनराशि प्रतिकर के रूप में दिलाई। जनपद न्यायाधीश के हस्तक्षेप से दो महिलाओं के परिजन के मामले में बड़ौदा यूपी बैंक द्वारा भेजे गए 1,20,084 रुपये के ऋण वसूली के मामले को 40,000 रुपये में सेटल किया गया। वहीं, सलीम चिश्ती के मामले में 1,01,970 रुपये की ऋण वसूली को 25,000 रुपये में निपटाया गया।

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ने 5 पारिवारिक वादों और अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ने 30 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी श्री इफ्तेखार अहमद ने 96 मामलों का निस्तारण कर कुल 7,56,47,500 रुपये की धनराशि प्रतिकर के रूप में दिलाई। अन्य न्यायिक अधिकारियों ने 1,962 वादों का तथा राजस्व विभाग व अन्य विभागों ने 1,72,232 वादों का निपटारा किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण और जनता का आभार व्यक्त किया।

इस लोक अदालत में न्यायाधीशगण, अधिवक्ता, वादकारी और बड़ी संख्या में जनता की भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *