देवरिया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को जिला कारागार देवरिया में निरुद्ध कैदियों की रिहाई एवं समस्याओं के निस्तारण को लेकर सचिव/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार तिवारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने यूटीआरसी कैंपेन 2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत चिन्हित बंदियों सहित अन्य बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की तथा उनके प्रकरणों में विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने ऐसे विचाराधीन बंदियों के मामलों पर भी विचार-विमर्श किया, जिनके विरुद्ध अधिकतम सात वर्ष तक के दंडादेश से संबंधित आपराधिक वाद लंबित हैं और जो कारागार में निरुद्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान बंदियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। सचिव द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानतदार की व्यवस्था कराने, बंदियों के लिए नियमित रूप से दवाइयां उपलब्ध कराने तथा महिला कैदियों के साथ रह रहे उनके छोटे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बंदियों को विधिक सहायता एवं विधिक साक्षरता प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कारागार में निरुद्ध समस्त बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। इस अवसर पर जिला कारागार अधीक्षक श्री प्रेम सागर शुक्ला, जेलर, डिप्टी जेलर तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य उपस्थित रहे।
