देवरिया। एकीकृत बागवानी विकास मिशन 2025–26 के अंतर्गत चयनित 60 कृषकों का प्रशिक्षण उपरांत भ्रमण कार्यक्रम आज 17 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत कृषकों के दल को सहायक उद्यान निरीक्षक सुशील कुमार शर्मा द्वारा जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, देवरिया परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
भ्रमण के प्रथम चरण में कृषकों को प्रगतिशील कृषक जय सिंह कुशवाहा के प्रक्षेत्र ग्राम कैथवलिया, विकास खण्ड तरकुलवा ले जाया गया। यहां कृषकों ने पपीता, अमरूद, आम, ड्रैगन फ्रूट एवं विभिन्न सब्जी फसलों की उन्नत खेती का अवलोकन किया। जय सिंह कुशवाहा ने औद्यानिक फसलों से होने वाले लाभ, लागत और उत्पादन की जानकारी दी तथा कृषकों के प्रश्नों का समाधान किया। इस दौरान उनकी नर्सरी का भी अवलोकन कराया गया।
इसके पश्चात श्री पत्रिका सिंह द्वारा जायद ऋतु की सब्जी फसलों की जानकारी देते हुए कृषकों से dbt.uphorticulture.in पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की अपील की गई।
द्वितीय चरण में कृषकों को ग्राम बघड़ा महुआरी, विकास खण्ड पथरदेवा स्थित प्रगतिशील कृषक जयराम शर्मा के केले के बाग का भ्रमण कराया गया। यहां केले की वैज्ञानिक खेती एवं उससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी दी गई। सहायक उद्यान निरीक्षक रणजीत यादव ने विभागीय योजनाओं के अंतर्गत केले की खेती पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी देते हुए कृषकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इसके बाद कृषकों ने ग्राम बरियारपुर, विकास खण्ड रामपुर कारखाना में कृषक सुरेन्द्र चौहान के आलू एवं फूलगोभी के खेतों तथा अष्टमूर्ति बहादुर शाही के पॉलीहाउस व उनके प्रक्षेत्र में उगाई गई विभिन्न औद्यानिक फसलों का अवलोकन किया।अंत में सहायक उद्यान निरीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने सभी कृषकों का आभार व्यक्त करते हुए भ्रमण कार्यक्रम का समापन किया।
