देवरिया जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र, गोरखपुर एस. चन्नप्पा ने पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान भटवलिया, बस अड्डा, कचहरी चौराहा और सुभाष चौक जैसे प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह, नगर क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी-रोमियो टीमों को और अधिक सक्रिय करने तथा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके। अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनसहयोग से जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।
