देवरिया जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मईल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चल रही कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम यादव पुत्र सदानंद यादव, निवासी भागलपुर थाना मईल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बरेजी पुल के पास से एक 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा। इस संबंध में थाना मईल में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इससे यह साफ होता है कि वह एक सक्रिय अपराधी रहा है।
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना मईल की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल योगेश यादव, कांस्टेबल इजहार अहमद और रोहित यादव शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
