देवरिया जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों द्वारा ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ एवं ‘शक्ति दीदी’ अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। थाना मदनपुर क्षेत्र में एसबीआई परिसर में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं थाना खामपार क्षेत्र के लिटिल फ्लॉवर एकेडमी, भिंगारी बाजार में भी छात्राओं और महिलाओं को जागरूक करते हुए पंपलेट वितरित किए गए।

पुलिस टीमों ने डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अलावा जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें हर परिस्थिति में सुरक्षित महसूस कराना है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे।