लार थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जिसकी शादी करीब एक वर्ष पहले लार थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि उसके पति ने उसका आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिया था। बाद में पति द्वारा दो लाख रुपये नकद और सोने की चार अंगूठियों की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर पति ने कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
विवाहिता का यह भी आरोप है कि जब उसने इस कृत्य का विरोध किया तो पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर उसकी पिटाई की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने लार थाने पहुंचकर शिकायती पत्र दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में लार थाना के प्रभारी निरीक्षक Santosh Kumar ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
