थाना तरकुलवा क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। दहेज में बुलेट बाइक की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल देने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महाराजगंज जिले के कोठीबार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कइमा निवासी सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में थाना तरकुलवा क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी अर्जुन से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति लगातार दहेज को लेकर ताने देता था और बुलेट बाइक की मांग करता था।

पीड़िता का आरोप है कि 18 दिसंबर को पति बच्चों को लेकर कहीं जाने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

इस संबंध में थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।