विकास खंड सलेमपुर के मुसैला बुजुर्ग गांव में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने दूसरे विकास खंडों के मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाने और स्थानीय पात्र मतदाताओं के नाम गायब होने का आरोप लगाते हुए एसडीएम दिशा श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का कहना है कि मुसैला बुजुर्ग गांव की मतदाता सूची में भागलपुर ब्लॉक के देउबारी, भलुअनी ब्लॉक के खुखुंदू तथा सलेमपुर ब्लॉक के धनौती गांव के मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं, जबकि इन मतदाताओं के नाम पहले से उनके मूल गांवों की सूची में दर्ज हैं। इससे मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के बाद ससुराल जा चुकी बेटियों के नाम अब तक मतदाता सूची से नहीं हटाए गए हैं, वहीं कई पात्र स्थानीय मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। इस अव्यवस्था से ग्रामीणों में भारी रोष है।

एसडीएम ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।