देवरिया: यूपी पीसीएस परीक्षा के परिणाम में इस बार देवरिया जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि लार विकास खंड के बरडीहा परशुराम गांव के रहने वाले दो सगे भाई—अभिषेक सिंह और अनिमेश सिंह—ने एक साथ परीक्षा पास कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
दोनों के पिता अवध बिहारी सिंह देवरिया इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। अभिषेक सिंह ने आईआईटी मद्रास से पढ़ाई के बाद सिविल सेवा की तैयारी शुरू की, वहीं उनके छोटे भाई अनिमेश भी उनके साथ ही तैयारी में जुटे रहे। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर दोनों ने यह सफलता हासिल की, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
जिले में सिर्फ भाइयों ने ही नहीं, बल्कि बेटियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आयुषिका यादव, अमृता कुमारी और अनुष्का यादव समेत कई अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
रिजल्ट आने के बाद गांवों में जश्न का माहौल है। परिजन मिठाइयां बांटकर खुशी मना रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन युवाओं ने पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
