देवरिया: जनपद में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की रफ्तार धीमी होने से हजारों किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक माह से रजिस्ट्री का आंकड़ा 64 प्रतिशत पर ही अटका हुआ है, जिसके कारण करीब 53 हजार किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित रह गए हैं।

जिले में कुल 5 लाख 94 हजार 943 किसानों में से 4 लाख 42 हजार 559 किसान सक्रिय हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक है। अब तक केवल 2 लाख 84 हजार 789 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो पाई है, जबकि करीब 1 लाख 57 हजार किसान अभी भी प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं।

फार्मर रजिस्ट्री अब किसान सम्मान निधि के लिए अनिवार्य कर दी गई है। ऐसे में जिन किसानों का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ, उनके खाते में सहायता राशि नहीं पहुंच पा रही है।

किसानों का कहना है कि खतौनी में नाम की गड़बड़ी, वरासत के बाद नाम दर्ज न होना और आधार व अभिलेखों में अंतर जैसी समस्याओं के कारण रजिस्ट्री में बाधा आ रही है।

उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए गांवों में कैंप लगाकर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया तेज की जा रही है।