देवरिया शहर के अबूबकर नगर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, अबूबकर नगर में एक मकान का निर्माण कार्य ठेके पर चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मजदूर दीवार के पास मिट्टी भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन दीवार भरभरा कर गिर गई और वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बरियारपुर निवासी गोविंद और बढ़या गांव निवासी योगेंद्र समेत तीन मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद और योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा भी अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
