देवरिया जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर व्यापक चेकिंग की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस स्टैंड, हनुमान मंदिर और कसया रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस के चल रहे ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों की जांच कर सही कागजात वाले वाहनों को नंबरिंग की सुविधा दी गई, जबकि बिना अनुमति देहात क्षेत्र के ई-रिक्शा को रुद्रपुर मोड़, गोरखपुर ओवरब्रिज और कसया पशु अस्पताल के पास से डायवर्ट किया गया।
अभियान के दौरान कुल 132 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 5 वाहनों को सीज किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
यातायात पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
