देवरिया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार थाना एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवरिया-सलेमपुर रोड स्थित जिला कारागार के पास से आरोपी करन साहनी उर्फ करन शाह को गिरफ्तार किया। आरोपी रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव का निवासी है और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में वांछित चल रहा था।

मामला मार्च 2025 का है, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने पहले ही 24 दिसंबर 2025 को पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद से आरोपी की तलाश जारी थी, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में एएचटीयू टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।