देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शादी से इंकार करने पर एक युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मदनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बीरबहादुर उर्फ शिवम को गिरफ्तार किया। आरोपी को 2 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर मदनपुर पेट्रोल पंप के आगे सेमरा पुल मार्ग के पास से दबोचा गया।
मामले के अनुसार, बरांव गांव निवासी शिवानंद प्रसाद ने थाना मदनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री से जबरदस्ती शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। युवती द्वारा इनकार करने पर आरोपी ने रंजिश पाल ली और 1-2 अप्रैल की रात उसे बहाने से अपने घोठे पर ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
