देवरिया : उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशा-निर्देशन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में 07 दिसंबर 2025 को संवर्धन योजना के तहत पराविधिक स्वयंसेवकों व अधिकार मित्रों के लिए क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया धनेन्द्र प्रताप सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल तथा अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा फीता काटकर, मा सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

उद्घाटन समारोह में विभिन्न जनपदों तथा देवरिया के पराविधिक स्वयंसेवकों व अधिकार मित्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में पराविधिक स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवक समाज के कमजोर और वंचित तबके को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों का लाभ दिलाने में सहयोग करें तथा लोगों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए भी प्रेरित करें।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवकों की भूमिका केवल कानून की जानकारी फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें प्राथमिक स्तर पर सरल विवादों के परामर्श और सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु प्रशिक्षित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी ने नालसा साथी योजना, वरिष्ठ नागरिक योजना तथा मानव तस्करी और व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए संचालित योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुशीनगर, मऊ, बलिया, महाराजगंज जिले के सचिवों द्वारा भी नालसा की योजनाओं से पराविधिक स्वयंसेवकों को अवगत कराया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी देवरिया सदर सुश्री श्रुति शर्मा ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में डीएम देवरिया, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी और संबंधित जनपदों के पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।