देवरिया, 08 अक्टूबर 2025।
पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन ने आज आरटीसी पुलिस लाइन देवरिया में चल रहे प्रशिक्षण सत्र के अंतर्गत प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों की क्लास ली।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उन्हें पुलिस कार्य प्रणाली, अनुशासन, वर्दी की मर्यादा, जनसंपर्क, व्यवहार कुशलता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा एक उत्तरदायित्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसमें अनुशासन, संयम और संवेदनशीलता की अत्यधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि वर्दी में किया गया प्रत्येक कार्य समाज के सामने पुलिस की छवि प्रस्तुत करता है, इसलिए वर्दी का सम्मान करना और उसकी गरिमा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी का कर्तव्य है।
पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षुओं से कहा कि पुलिस बल समाज का दर्पण होता है, अतः जनता के साथ व्यवहार में शालीनता, सहानुभूति और संवेदनशीलता बनाए रखें ताकि जनता का विश्वास और सम्मान पुलिस के प्रति सदैव बना रहे।
आधुनिक युग की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में हर पुलिसकर्मी को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ विधिक जानकारी में निपुण होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण अवधि को पुलिस करियर की नींव बताते हुए कहा कि इस दौरान सीखी गई बातें भविष्य की कार्यशैली को दिशा प्रदान करती हैं।
उन्होंने प्रत्येक प्रशिक्षु को प्रशिक्षण काल में अनुशासन, समयबद्धता, शारीरिक दक्षता और व्यवहारिक योग्यता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
