देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को सुबह पाँच बजे से आठ बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया।
अभियान का उद्देश्य आमजन से संवाद स्थापित कर उनमें विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करना, छोटे विवादों को समुदायिक स्तर पर सुलझाना और मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा देना रहा।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने चोरी की गाड़ियों की जांच, तीन सवारी, मोडिफाइड साइलेंसर व नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान जनपद में कुल 23 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 488 व्यक्तियों और 306 वाहनों की जांच हुई। आमजन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।
