देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में 31 अगस्त को आगामी गणेश चतुर्दशी और बारावफात के मद्देनज़र जनपद के विभिन्न थानों पर पीस कमेटी बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, एसडीएम और विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध नागरिक, धर्मगुरु, जुलूस आयोजक व कमेटी सदस्य शामिल हुए।
थाना रामपुर कारखाना पर बैठक का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने किया, जबकि थाना भलुअनी पर बैठक उप जिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी बरहज अंशुमान श्रीवास्तव के संयुक्त नेतृत्व में हुई।
अधिकारियों ने संवाद के दौरान स्पष्ट किया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से समन्वय और सहयोग की अपील की तथा चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने वालों और साम्प्रदायिक सौहार्द भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्गों की फोटो-वीडियो और ड्रोन रिकॉर्डिंग होगी, सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी और असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरती जाएगी।
