देवरिया। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन देवरिया का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली और परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन मनोज कुमार, प्रतिसार निरीक्षक विजय राज सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर के परेड ग्राउंड, स्टोर रूम, अभिलेख कक्ष, विभिन्न कार्यालयों, आवासीय परिसर, बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, मोटर वाहन शाखा और गैस गोदाम का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, रखरखाव और अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और आरक्षियों के रहने की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिसार निरीक्षक को आपात स्थिति से निपटने के लिए नियमित मॉक ड्रिल कराने और पुलिस बल को प्रशिक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और लाइन परिसर की साफ-सफाई तथा अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।