देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। इस दौरान सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की।

अभियान के दौरान सामुदायिक सहभागिता के तहत लोगों से बातचीत कर मित्र पुलिसिंग की भावना को मजबूत किया गया। साथ ही छोटे-मोटे विवादों को स्थानीय स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली गई तथा तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध असलहा और मादक पदार्थों की रोकथाम पर भी विशेष निगरानी रखी गई।

जनपद में कुल 19 स्थानों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान 301 व्यक्तियों और 171 वाहनों की जांच की गई। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की और सुबह की सैर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।