देवरिया : भाटपार रानी क्षेत्र के बनकटा थाना अंतर्गत अकटही बाजार–डणैला मार्ग पर रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक बाइक सवार की अनियंत्रित होकर गिरने से मौत हो गई। हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें गंभीर हो गईं और उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बलुआ गांव निवासी 25 वर्षीय राजकुमार पासवान पुत्र परशुराम पासवान अकटही बाजार से होते हुए डणैला मार्ग के रास्ते अपने गांव लौट रहा था। रामकोला चट्टी के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उसे भाटपार रानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में राजकुमार एकलौता पुत्र था, जिसकी मौत से घर में मातम छा गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। एसओ बनकटा विशाल उपाध्याय ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
