देवरिया : हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में शनिवार को लार नगर में मुख्य सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नगर प्रशासन द्वारा की गई। बुलडोजर की मदद से पटरियों, टीन शेड और नालियों पर बनाए गए कब्जों को हटाया गया। अभियान के दौरान सात दुकानदारों से चार हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चिह्नित सीमा से बाहर दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण हटाने की सूचना बाजार में फैलते ही सुबह से ही अफरातफरी का माहौल बना रहा। लंबे समय से सड़क के किनारे टीन शेड डालकर और नालियों को ढककर दुकानों का विस्तार करने से सड़क संकरी हो गई थी, जिससे यातायात बाधित होता था और आम नागरिक, स्कूल बच्चों, अस्पताल मरीजों तथा बैंक आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए अधिवक्ता प्रदीप पांडेय द्वारा जनहित याचिका दायर की गई थी।

तहसीलदार अलका सिंह और अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीम बनाकर अभियान को अंजाम दिया गया। प्रशासन ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने व नगर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।