एकीकृत बागवानी विकास मिशन 2025-26 के अंतर्गत चयनित 60 कृषकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम उद्यान विभाग, देवरिया द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रथम दिन 12 जनवरी 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र, मल्हना (भाटपार रानी) में प्रशिक्षण सत्र के रूप में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उद्यान अधिकारी रामसिंह द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित कृषकों का स्वागत करते हुए एकीकृत बागवानी विकास मिशन सहित उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण के उद्देश्य और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण सत्र में जिला गन्ना अधिकारी, भू-संरक्षण अधिकारी, कृषि ज्ञान केंद्र प्रभारी तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
सहायक उद्यान निरीक्षक सुशील शर्मा एवं रणजीत यादव ने आधुनिक बागवानी तकनीकों और नवाचारों को अपनाने के लाभ बताए। प्रगतिशील कृषक चन्दन कुशवाहा ने प्याज एवं आलू की खेती से अधिक लाभ अर्जित करने के तरीकों पर जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकलर, एकीकृत खेती, मिश्रित फसल प्रणाली, सब्जी एवं मसाला फसलों की उन्नत तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
द्वितीय दिन 13 जनवरी 2026 को कृषकों को विभिन्न प्रगतिशील कृषकों के खेतों का भ्रमण कराया गया, जहां पपीता, केला, हल्दी, बैंगन, गोभी, टमाटर, प्याज एवं आलू की उन्नत खेती को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया गया। इस भ्रमण से कृषकों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ और आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरणा मिली।
