मदनपुर। थाना क्षेत्र के कपरवार मार्ग पर महेन विद्युत उपकेंद्र के समीप रविवार सुबह तेज रफ्तार गैस टैंकर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में बाइक पर सवार 19 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि रुद्रपुर के आजाद नगर निवासी आयशा खातून अपनी बेटी शबीना रैनी और देवर गौशुल आलम के साथ बाइक से मईल थाना क्षेत्र के पनिका गांव जा रही थीं। महेन विद्युत उपकेंद्र के पास पुलिया के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में शबीना टैंकर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी महेन भेजा, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार टैंकर और चालक की तलाश जारी है।