देवरिया स्थित बाबा राघवदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को विषम सेमेस्टर बीए व बीएससी (एग्रीकल्चर) प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025–26 की परीक्षाएं संचालित हो रही थीं। परीक्षा के अंतिम दिन दूसरी पाली में बीएससी एग्रीकल्चर प्रथम सेमेस्टर की प्रिंसिपल्स ऑफ जेनेटिक्स विषय की परीक्षा के दौरान आंतरिक उड़ाका दल ने एक छात्र को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
मामले की पुष्टि होने के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रताप नारायण सिंह ने छात्र को रस्टीकेट कर दिया। आंतरिक उड़ाका दल का नेतृत्व मुख्य नियंता रजनीश कुमार ने किया। टीम में डॉ. भावना सिन्हा, डॉ. प्रतिभा यादव, डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. अमरेंद्र शामिल रहे। प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की बात कही है।
