देवरिया। देवरिया-कसया मार्ग पर मुंडेरा बाबू चौराहे के पास बुधवार रात करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हरैया गांव निवासी उमाकांत त्रिपाठी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। उमाकांत कसया के सबया रोड पर किराए के कमरे में परिवार संग रहते थे और ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

बुधवार को वह बाइक से अपने गांव आए थे और पड़ोसी के मकान की छत ढलाई में शामिल होने के बाद भोजन करके कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान मुंडेरा बाबू चौराहे के पास बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई।

थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर मौत हो गई है। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *