देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र अंतर्गत पोखरभिंडा गांव में रविवार को जालसाजों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पोखरभिंडा निवासी बताशिया देवी पत्नी रामकृपाल दुर्गा मंदिर परिसर में चबूतरे पर अकेली बैठी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनसे बातचीत करने लगा और झांसे में ले लिया। कुछ ही देर में एक अन्य युवक वहां आया और रुपये की गड्डी गिराकर चला गया।
मौके पर मौजूद युवक ने रुपये बांटने का लालच देकर महिला के जेवर उतरवा लिए और जेवर व रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और तलाश शुरू की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।