सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के हिछौरा लाला गांव में छठिहार कार्यक्रम के दौरान आयोजित आर्केस्ट्रा में तमंचे के बल पर नर्तकी को नचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में दो युवक स्टेज के पास तमंचा लहराते हुए नर्तकी पर डांस करने का दबाव बनाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।

जानकारी के अनुसार, हिछौरा लाला गांव निवासी राजा प्रसाद के घर गुरुवार को छठिहार कार्यक्रम था, जहां रात में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया। इसी दौरान ठेंगवल ग्यास गांव निवासी हीरालाल उर्फ किशन प्रसाद ने तमंचा निकालकर नर्तकी को डराया। कार्यक्रम में मौजूद एक युवक ने इस घटना का वीडियो बना लिया। आरोप है कि वीडियो बनाने की जानकारी होने पर हीरालाल और उसके साथी कृष्णा कुमार ने वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया और चाकू की नोक पर धमकी देते हुए मारपीट की।

सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी की तहरीर पर हीरालाल उर्फ किशन प्रसाद के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अवैध तमंचे के साथ पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि चाकू के साथ गिरफ्तार युवक को रिहा कर दिया गया।