तरकुलवा: मजदूरी मांगने गई दलित महिला की पिटाई, दो आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज
तरकुलवा (देवरिया), 5 सितंबर 2025।
तरकुलवा क्षेत्र में मजदूरी की रकम मांगने गई एक अनुसूचित जाति की महिला के साथ दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच दिन बाद बुधवार को दो आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सखनी निवासी संपत्ति देवी पत्नी राम भवन प्रसाद ने आरोप लगाया है कि वह मजदूरी की रकम मांगने गांव के टुनटुन उर्फ अशोक राय और गोलू उर्फ शशांक राय के घर गई थी। इस दौरान आरोपियों ने न केवल मजदूरी देने से इनकार किया बल्कि उसे धक्का मारकर गिरा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसका हाथ पकड़कर जमीन पर घसीटना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर जब गांव का छोटू वहां पहुंचा तो आरोपी मौके से भाग निकले।
सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
