देवरिया जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आमजन में विश्वास की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में 07 फरवरी 2026 को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक विशेष “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया।
अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारी व थानाध्यक्षों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे विवादों को समझाइश देकर सुलझाने का प्रयास किया तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को मजबूत किया।
इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। चेकिंग के दौरान चोरी के वाहन, तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर, नाबालिग वाहन चालक तथा अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई और आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन को इस अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया, जिस पर लोगों ने संतोष जताते हुए पुलिस की पहल की सराहना की।
इस अभियान के तहत पूरे जनपद में कुल 15 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 267 व्यक्तियों और 156 वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
