देवरिया जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को जागरूक किया।
थाना बरहज की टीम ने बरहज बाजार में महिलाओं और बच्चियों को पम्पलेट वितरित कर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं थाना रुद्रपुर की टीम ने कस्बा क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग किया।
पुलिस टीमों ने डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इन सेवाओं का उपयोग करें।
अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
