देवरिया जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन को लेकर “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में 2 मार्च 2026 को विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं व बच्चियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
थाना बरहज की मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक अभिमित कुमार, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, महिला कांस्टेबल प्रीति यादव और महिला आरक्षी रजनी सिंह ने ग्राम बरहज बाजार में पम्पलेट वितरित कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। महिलाओं को डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में थाना रुद्रपुर की टीम, जिसमें उपनिरीक्षक हरेराम सिंह, महिला आरक्षी रीता यादव और कंचन यादव शामिल रहीं, ने कस्बा रुद्रपुर में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया।
इसके अतिरिक्त सभी थानों की एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बाजार, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पम्पलेट बांटकर महिलाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
