देवरिया जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने इस अभियान को सक्रिय रूप से संचालित किया।

इस अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। थाना बरहज क्षेत्र के पैना चौराहे पर उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार, आरक्षी अभिषेक और महिला आरक्षी रजनी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।

वहीं, थाना बरियारपुर क्षेत्र के ग्राम सरौरा में भी मिशन शक्ति टीम ने महिला उपनिरीक्षक दीपमंजरी, आरक्षी अमर और महिला आरक्षी अंजली की अगुवाई में जागरूकता अभियान चलाया। यहां भी महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

इसके अलावा जिले के सभी थानों की टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पम्पलेट वितरित कर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियानों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे किसी भी आपात स्थिति में मदद लेने के लिए जागरूक होती हैं।