देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत जनपद देवरिया में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में सोमवार, 16 फरवरी 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया। अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
थाना लार की मिशन शक्ति टीम द्वारा मठ वार्ड कॉलेज में महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान डॉयल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसी क्रम में थाना रुद्रपुर की मिशन शक्ति टीम द्वारा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर परिसर में महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही संकट की स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में समझाया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास पैदा करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
