देवरिया। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से समस्त बैंक प्रबंधकों एवं फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, आपसी समझौते के माध्यम से ऋण प्रकरणों के समाधान तथा अधिक से अधिक वादों के निपटारे पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बैंक व फाइनेंस संस्थानों से सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आमजन को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सकता है।


देवरिया में 24 फरवरी को सजेगा ‘रोजगार महोत्सव’ का मंच, 15 से अधिक कंपनियां देंगी रोजगार

देवरिया। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में 24 फरवरी 2026 को जनपद में एक भव्य रोजगार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

जिला समन्वयक, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, देवरिया ने बताया कि रोजगार महोत्सव में देश-प्रदेश की 15 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। आईटी, मैन्युफैक्चरिंग एवं सेवा क्षेत्र सहित विभिन्न सेक्टरों में हजारों रिक्त पदों पर चयन की प्रक्रिया की जाएगी। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई तथा कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित अभ्यर्थी अपनी प्रोफाइल एवं समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्रों के साथ प्रतिभाग कर सकते हैं। विभाग की ओर से जनपद के सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर आयोजन स्थल राजकीय आईटीआई, देवरिया पहुंचकर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं।