देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एकौना थाना पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना एकौना में दर्ज मुकदमा संख्या 81/2025 धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस के मामले में वांछित आरोपी राहुल राव उर्फ उमेश राव तथा गिरीश राव, दोनों निवासी नगवाखास, को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम नरायनपुर के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी उमेश राव की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोहे का दाव भी बरामद किया है। पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।