वरिया। गांधी सभागार, विकास भवन में सोमवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक, देवरिया ने की। उन्होंने उपस्थित किसानों को पिछले माह आयोजित किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या से अवगत कराया और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना में जिन किसानों का टोकन कन्फर्म हो चुका है, वे पोर्टल पर बिल अपलोड कर लाभ ले सकते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) सोलर पंप योजना के अंतर्गत इस वर्ष किसानों को लगभग 80-90% अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा।
इसके अलावा तोरिया और सरसों बीज के मिनीकिट सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर भेजे जा रहे हैं। इच्छुक किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसानों की ओर से समितियों और रिटेलरों पर यूरिया की कमी की शिकायत पर उप कृषि निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को स्टॉक की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की।
पशुपालन विभाग के मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने विभागीय योजनाओं – नंदबाबा योजना, मिनी नंदिनी योजना और प्रगतिशील प्रोत्साहन योजना – की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पशु बीमा, टीकाकरण (गलाघोटू, खुरपका-मुंहपका, लंपी) और आवारा पशुओं के सींगन (सींग जलवाना) की सलाह दी।
नहर विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में 15 सितंबर से नहरें चालू कर दी गई हैं। वहीं, नलकूप विभाग ने जानकारी दी कि सभी नलकूप दुरुस्त करा दिए गए हैं।
उद्यान विभाग के जिला उद्यान अधिकारी ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि लहसुन, स्ट्रॉबेरी, केला, सिंघाड़ा, फूलगोभी, पत्तागोभी, मशरूम की खेती पर अनुदान उपलब्ध है। साथ ही वर्मी कम्पोस्ट, छोटा ट्रैक्टर, पावर टिलर, पैक हाउस, ड्रिप, गिनी स्प्रिंकलर एवं पीएमएफएमई योजनाओं में भी लाभ लेने हेतु किसान पंजीकरण करा सकते हैं।
किसान दिवस की बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, मत्स्य विभाग, विद्युत विभाग, दुग्ध उत्पादक संघ के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा किसान यूनियन के पदाधिकारी – राघवेन्द्र प्रताप शाही, अतुल मिश्रा, कौशलेश नाथ मिश्रा, विनय सिंह – तथा प्रगतिशील किसान रमेश मिश्रा, सत्याग्रहण सरोज, अरविंद उपाध्याय, सदानंद यादव समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
