देवरिया। विकासखंड देवरिया सदर के खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने मानव संपदा पोर्टल पर अध्यापकों के अवकाश निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस पोर्टल पर ही अपलोड किया गया है, जिसका जवाब तीन कार्य दिवस के भीतर उसी माध्यम से देना अनिवार्य किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कई विद्यालयों में शिक्षकों के अवकाश लंबे समय से लंबित हैं, जबकि इस संबंध में पूर्व में कई बार पत्र जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा, छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देशों का भी अनेक प्रधानाध्यापक पालन नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने इसे विभागीय आदेशों का गंभीर उल्लंघन बताया और सभी प्रधानाध्यापकों को चेतावनी दी कि वे तत्काल लंबित अवकाशों का निस्तारण करें और छात्रों की उपस्थिति नियमित रूप से ऑनलाइन दर्ज करें।
खंड शिक्षा अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी और इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।
