देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में महाराष्ट्र के 61 वर्षीय अशोक गावंडे की हत्या मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस को मरीजों के बयान और सीसीटीवी फुटेज से कई अहम सुराग मिले हैं। एक सुरक्षाकर्मी से की गई पूछताछ के बाद जांच टीम आरोपियों के करीब पहुंच गई है।
बता दें कि अशोक गावंडे 27 सितंबर को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए थे, लेकिन छह अक्टूबर को अचानक लापता हो गए। बाद में उनका शव कॉलेज परिसर की पानी की टंकी से बरामद किया गया था। शव की पहचान उनकी पत्नी और साले ने की थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस का मानना है कि वारदात को बेहद चालाकी से अंजाम दिया गया था। हालांकि, टंकी के पास से मिली नीली शर्ट और बेडशीट ने जांच की दिशा बदल दी है। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
