देवरिया में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन पर शनिवार 30 नवंबर 2025 को जनपद पुलिस द्वारा सुबह 5 से 8 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जनमानस में सुरक्षा की भावना बढ़ाना, अपराध नियंत्रण को सुदृढ़ करना तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित कर विश्वास को और मजबूत बनाना रहा।
इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने शहर व विभिन्न क्षेत्रों में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से मुलाकात कर मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा दिया। छोटेमोटे विवादों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा समुदायिक सहभागिता के माध्यम से आमजन से जुड़ाव बढ़ाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए व्यक्तियों एवं वाहनों की तलाशी ली गई। पुलिस ने तीन सवारी चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, मोडिफाइड साइलेंसर और नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। अवैध हथियार और प्रतिबंधित पदार्थों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा उपायों और अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया। आमजनों ने पुलिस की इस पहल की प्रशंसा की और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सराहनीय बताया। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि ऐसे अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे, ताकि जनसुरक्षा, शांति और विश्वास को मजबूत रखा जा सके।
जांच अभियान के दौरान जनपद में कुल 18 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 398 व्यक्तियों और 223 वाहनों की जांच दर्ज की गई।
