देवरिया में कानून व्यवस्था को मजबूत रखने और आमजन में सुरक्षा व विश्वास की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर सोमवार 01 दिसंबर 2025 को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। पुलिस टीमों ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों से बातचीत कर मित्र पुलिसिंग को प्रोत्साहित किया और उन्हें सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।

अभियान का लक्ष्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना, छोटे-मोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर निगरानी रखना था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते हुए तीन सवारी, मोडिफाइड साइलेंसर, नाबालिग वाहन चालकों तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर विशेष निगरानी रखी। तलाशी के साथ पूछताछ भी की गई और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा गया।

जनसंवाद के दौरान लोगों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया गया। नागरिकों ने इस कदम का स्वागत किया और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

अभियान के दौरान पुलिस द्वारा जनपद के 23 स्थानों पर चेकिंग करते हुए कुल 382 व्यक्तियों और 248 वाहनों की जांच की गई।