देवरिया: पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गौरीबाजार पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी सबीना की हत्या के आरोपी मुंशी उर्फ नेयाजुद्दीन पुत्र रहमुद्दीन, निवासी रतनपुर थाना गौरीबाजार, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रेलवे पश्चिमी ढाला के पास से मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में थाना गौरीबाजार के प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह व उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था, लेकिन उसे शक था कि वह किसी अन्य युवक से बातचीत करती है। इसी शक के चलते उसने उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया।
यह मामला 12 अक्टूबर 2025 का है, जब ग्राम रतनपुरा निवासी हसीबुन पत्नी इसरायल ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 14 वर्षीय बेटी सबीना को गांव का ही युवक मुंशी उर्फ नेयाजुद्दीन बहला-फुसलाकर ले गया है। उसी दिन गांव के पोखरे से लड़की का शव बरामद हुआ।
मामले में थाना गौरीबाजार पर मुकदमा संख्या 465/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। विवेचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर मामले में धारा 103(1) और 238(बी) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह, कांस्टेबल रमेश यादव, सुरजीत यादव और अभिनव यादव शामिल थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने कहा कि जनपद में महिला और बालिका से जुड़े अपराधों के प्रति पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
