देवरिया: पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गौरीबाजार पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी सबीना की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी मुंशी उर्फ नेयाजुद्दीन पुत्र रहमुद्दीन, निवासी रतनपुर थाना गौरीबाजार, को गिरफ्तार कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में, थाना गौरीबाजार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को रेलवे पश्चिमी ढाला के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था, लेकिन उसे शक था कि वह किसी और युवक से बात करती है। इसी शक में उसने उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया।

मामला 12 अक्टूबर 2025 का है, जब ग्राम रतनपुरा निवासी हसीबुन पत्नी इसरायल ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 14 वर्षीय बेटी सबीना को गांव का ही युवक मुंशी उर्फ नेयाजुद्दीन बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। उसी दिन गांव के पोखरे से लड़की का शव बरामद हुआ था।

पुलिस ने प्रारंभ में मुकदमा संख्या 465/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 103(1) और 238(बी) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने कहा कि महिला और बालिका से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।