देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में मंगलवार को यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने किया। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भी मौजूद रहे।
शहर के कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों की जांच की गई तथा वैध कागजात वाले ई-रिक्शा पर नंबरिंग कराई गई। वहीं गोरखपुर रोड, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो चालकों, बिना हेलमेट चलने वालों, तीन सवारी बैठाने और वाहन पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 142 वाहनों का ई-चालान किया, जबकि 24 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करना है। साथ ही वाहन चालकों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
