देवरिया। आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सभागार में मंगलवार को उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोरखपुर मंडल के आयुक्त अनिल ढींगरा और पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि होली और रमजान के दौरान संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। त्योहारों के मद्देनज़र पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

आयुक्त ने कहा कि त्योहार सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर होते हैं, इसलिए अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और शांति समिति के सदस्यों से संवाद बनाए रखें। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही न बरतने और अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी देवरिया, पुलिस अधीक्षक देवरिया सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आमजन से शांति और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।