देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस देवरिया द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में 13 फरवरी 2026 को की गई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने शहर क्षेत्र में अभियान चलाकर कोतवाली क्षेत्र के ई-रिक्शा वाहनों की जांच की। वैध कागजात वाले ई-रिक्शा वाहनों पर नंबरिंग की गई। वहीं गोरखपुर ओवरब्रिज, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले अनुबंधित बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध चालान व सीज की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 114 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 12 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है और वाहन चालकों को यह संदेश जाता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है, ताकि शहर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम रखी जा सके।
