देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में 13 फरवरी 2026 को चलाया गया।

थाना एकौना की मिशन शक्ति टीम—उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, कांस्टेबल विकास यादव एवं महिला कांस्टेबल ममता तिवारी—ने श्री रघुनाथ एकेडमी, पचरूखा में महिलाओं व बच्चियों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 शामिल हैं।

इसी क्रम में थाना भटनी की मिशन शक्ति टीम—उपनिरीक्षक कमलेश कुमार व महिला आरक्षी कशिश—ने बंधुनाथ इंटर कॉलेज, मायापुर इमिलिया में महिलाओं/बालिकाओं को योजनाओं व हेल्पलाइनों की जानकारी देकर जागरूक किया।

इसके अतिरिक्त, जनपद के सभी थानों की एंटी-रोमियो/मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों व धार्मिक स्थलों पर पम्पलेट वितरित कर महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों से अवगत कराया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, त्वरित सहायता के साधनों की जानकारी देना और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना रहा।